Hair Transplant: मेडिकल स्टोर संचालक ने बताए अनुष्का के कारनामे, बोला- कमीशन के लालच में कई केस उनके पास भेजे
Kanpur News: मेडिकल स्टोर संचालक ने बताया कि डॉक्टर ने मेडिकल स्टोर पर बाल झड़ने की दवा लेने के लिए आने वालों को उसका नंबर देने व मिलने का सुझाव देने को कहा। उसके एवज में मेडिकल स्टोर से दवा लेने का आश्वासन और कुछ कमीशन देने की बात हुई।
विस्तार
कानपुर में डॉ. अनुष्का तिवारी अपने क्लीनिक में क्लाइंटों को लाने के लिए पास के एक मेडिकल स्टोर संचालक की मदद लेती थी। मेडिकल स्टोर संचालक बाल झड़ने की दवा लेने आने वालों को डॉक्टर का नंबर देता था। यह बात मृतक इंजीनियर विनीत दुबे की पत्नी जया त्रिपाठी ने पुलिस से बताई हैं।
उनका कहना है कि मरीज पहुंचने पर मेडिकल स्टोर से दवा लेने को कहा जाता था। साथ ही, प्रति मरीज कमीशन दिया जाता था। पुलिस अब इस बात को विवेचना में शामिल करेगी। जया ने बताया कि आवास विकास केशवपुरम स्थित डॉक्टर अनुष्का तिवारी के अंपायर क्लीनिक के पास दो मेडिकल स्टोर हैं।
दवा लेने का आश्वासन और कुछ कमीशन देने की हुई बात
एक मेडिकल स्टोर संचालक ने डॉक्टर के कारनामे बताए हैं। संचालक ने बताया कि डॉक्टर ने मेडिकल स्टोर पर बाल झड़ने की दवा लेने के लिए आने वालों को उसका नंबर देने व मिलने का सुझाव देने को कहा। उसके एवज में मेडिकल स्टोर से दवा लेने का आश्वासन और कुछ कमीशन देने की बात हुई।
डॉक्टर ने दवाएं अंदर ही देना शुरू कर दिया
उन्होंने कई लोगों को डॉक्टर के पास भेजा, लेकिन बाद में पता चला कि डॉक्टर ने दवाएं अंदर ही देना शुरू कर दिया। इसके साथ ही एक दो मरीजों के बीमार होने की सूचना मिली, तो उनसे मतलब खत्म कर दिया। विवेचक पुष्पराज ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, इसे भी जांच में शामिल किया जाएगा।