Kanpur: बिठूर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया नेतृत्व, गूंजे देशभक्ति के नारे
Kanpur News: क्रांतिकारियों की ऐतिहासिक भूमि बिठूर में गुरुवार दोपहर को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चुंगी तिराहे पर रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरुआत की, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए नानाराव पेशवा स्मारक पर जाकर संपन्न हुई।
विस्तार
कानपुर में स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों की ऐतिहासिक धरती बिठूर में गुरुवार दोपहर को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भारत माता की जय के नारों और देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत से पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बिठूर के चुंगी तिराहे पर पहुंचकर मां वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर और हाथ में तिरंगा थामकर विशाल तिरंगा यात्रा की शुरुआत की।
प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा
चुंगी तिराहे से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक नानाराव पेशवा स्मारक पर पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर इसका स्वागत किया और युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
इनकी रही मौजूदगी
इस देशभक्तिपूर्ण आयोजन में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा में मुख्य रूप से विधायक अभिजीत सिंह सांगा, पीयूष मिश्रा, रवि ठाकुर, वैभव दीक्षित, अमन ठाकुर, रज्जू मिश्रा, मल्हू निषाद सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।