Kanpur: श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन हस्तलिखित स्वरूप की भव्य नगर कीर्तन यात्रा, दर्शन को उमड़ी भारी भीड़
Kanpur News: कानपुर में सरदार हरिंदर पाल सिंह द्वारा हस्तलिखित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप को लेकर भव्य नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई। यह स्वरूप पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब में सुशोभित किया जाएगा।
विस्तार
कानपुर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के हस्तलिखित पावन स्वरूप को लेकर शुक्रवार को विशाल नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई। यह स्वरूप सरदार हरिंदर पाल सिंह द्वारा लिखा गया पांचवां स्वरूप है, जिसे जल्द ही नगर कीर्तन के रूप में कानपुर से आनंदपुर साहिब, पंजाब ले जाकर गुरुद्वारे में सुशोभित किया जाएगा। इस पावन स्वरूप को तैयार करने में लगभग डेढ़ वर्ष का समय लगा।
नगर कीर्तन यात्रा गुमटी से शुरू होकर रणजीत नगर गुरुद्वारा पहुंची। यात्रा में कानपुर के विभिन्न गुरुद्वारों की स्त्री सत्संग सभाओं और सेवादारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रास्ते में श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। आगे गतका दल शस्त्र कला का प्रदर्शन करते हुए चल रहा था, जबकि नरसिंह वाद्य यंत्रों की गूंज और सतनाम वाहेगुरु के जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने बसाया था आनंदपुर साहिब
बताया गया कि तारीख घोषित होने के बाद यह पावन स्वरूप नगर कीर्तन के साथ कानपुर से श्री आनंदपुर साहिब, पंजाब पहुंचाया जाएगा। आनंदपुर साहिब वही पावन धरती है, जिसे श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने बसाया था। इस अवसर पर गोविंद सिंह लाडी, गुरविंदर सिंह, सरदार सतनाम सिंह सूरी, राजेंद्र काके, नीतू सिंह, नीना बहन, सुरेंद्र कौर, अमरजीत सिंह, आत्मजीत सिंह, रौनक सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।
