कानपुर: 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, फर्जी जमानत पर हुआ था फरार, पुलिस ने भेजा जेल,नौ मुकदमे हैं दर्ज
Kanpur News: कोतवाली थाना और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए छह साल से फरार चल रहे 25 हजार रके इनामी गैंगस्टर गुड्डू गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फर्जी दस्तावेज व फर्जी जमानतदार खड़े कर कोर्ट से जमानत लेकर जेल से बाहर आया था और फरार हो गया था।
विस्तार
कानपुर की कोतवाली थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कोर्ट में फर्जी जमानतदार और कूट रचित दस्तावेज पेश कर जमानत पर बाहर आने के बाद से लगातार फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अपराधी गुड्डू गुप्ता उर्फ बीरेंद्र गुप्ता को दबोच लिया है।
आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार (20 अक्टूबर 2026) को अदालत में पेश कर जिला कारागार भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (कोर्ट सं0-08) के गैंगस्टर एक्ट क्लर्क किरन शंकर घोष ने वर्ष 2020 में थाना कोतवाली में धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी जमानतदार कोर्ट में पेश किए थे
आरोप था कि थाना बर्रा में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में अभियुक्त गुड्डू गुप्ता ने कूट रचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी जमानतदार कोर्ट में पेश किए थे और असली बताकर जमानत हासिल कर ली थी। बाहर आने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने बीते 28 सितंबर 2026 को उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
निराला नगर रेलवे ग्राउंड के पास से दबोचा
कोतवाली पुलिस और सर्विलांस सेल को 19 अक्टूबर शाम सूचना मिली कि इनामी आरोपी गोविंद नगर क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर निराला नगर रेलवे ग्राउंड के पास से शाम करीब साढ़े चार बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। रामआसरे नगर हलुआ खेड़ा (गोविंद नगर) निवासी 27 वर्षीय गुड्डू गुप्ता के खिलाफ बर्रा और कोतवाली थानों में लूट, चोरी/बरामदगी और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।