Kanpur: शुक्लागंज में गंगा मैली…पांच बड़े नालों की गंदगी सीधे नदी में, पालिका बायोरेमेडिएशन सिर्फ कागजों पर
Kanpur News: शुक्लागंज में नगर पालिका गंगाघाट की लापरवाही के कारण पाँच बड़े नालों का लाखों लीटर प्रदूषित पानी सीधे गंगा नदी में गिर रहा है। वहीं, गंगा को स्वच्छ रखने के लिए बायोरेमेडिएशन का कार्य केवल कागजों पर कराने का आरोप है।
विस्तार
शुक्लागंज में नगर पालिका गंगाघाट की लापरवाही के कारण गंगा नदी में पांच बड़े नालों का पानी जा रहा है, जिससे गंगा नदी मैली हो रही हैं। सरकार गंगा का स्वच्छ रखने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन पालिका प्रशासन बायोरेमेडिएशन का कार्य कागजों पर करा रहा है। नालों के मुहानों पर बायोरेमेडिएशन के संसाधन सिर्फ देखने के लिए रखे गए हैं।
मिश्रा कॉलोनी, पुरानी बाजार रेल गंगापुल, रविदासनगर, इंदिरानगर और अहमद नगर के नाले गंगा में सीधे गिर रहे है। गंगा में प्रदूषित पानी जाने से स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतें होने के साथ ही जलीय जीवों पर भी खतरा मड़राने लगा है। गंगा नदी की मुख्य धारा कानपुर की ओर हो गई है जिससे नगर के 28 वार्डो का लाखों लीटर गंदा पानी रोजाना रेती से होकर नदी में समा रहा है।
दुरुस्त कराई जाएगी व्यवस्था
इधर पालिका प्रशासन पानी शोधित करने के लिए बायोरेमेडिएशन का कार्य केवल कागजों पर करा रही है। नालों के मुहानों पर संयंत्र तो लगे है लेकिन गंदे पानी को साफ करने वाला केमिकल गायब है। नगर पालिका जेई घनश्याम मौर्य ने बताया कि सभी नालों पर बायोरेमेडिएशन प्रक्रिया चालू है। जहां पर गड़बड़ी वहां व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।