कानपुर: चेतावनी बिंदु के पार पहुंचा गंगा, कटरी के तीन हजार बीघा खेत जलमग्न, संपर्क मार्गों पर भी जलभराव
Kanpur News: कानपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु पार कर 114.62 मीटर पर पहुंच गया है। कटरी के 11 गांवों की 3000 बीघा फसलें जलमग्न हो गई हैं और रास्ते बंद होने से ग्रामीण ट्रैक्टरों और नावों के सहारे आवागमन करने को मजबूर हैं।
विस्तार
कानपुर में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने कटरी क्षेत्र के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार शाम पांच बजे तक गंगा बैराज अपस्ट्रीम में जलस्तर चेतावनी बिंदु से 62 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। यहां जलस्तर 114.62 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी बिंदु 114 मीटर पर है। शुक्लागंज में भी गंगा चेतावनी बिंदु से एक सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। बढ़ते पानी से कटरी के 11 गांवों में करीब तीन हजार बीघा खेत जलमग्न हो गए हैं और फसलें डूब गई हैं।
ख्योरा कटरी का मजरा भगवानदीनपुरवा चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गया है। गांव ऊंचाई पर होने के कारण फिलहाल आबादी सुरक्षित है, लेकिन खेत और रास्ते पानी में डूब गए हैं। भोपालपुरवा से भगवानदीनपुरवा जाने वाले मुख्य संपर्क मार्ग पर करीब साढ़े तीन फीट पानी भर गया है। ग्रामीणों के आवागमन के लिए ट्रैक्टर लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने नावों की मांग भी की है। भगवानदीनपुरवा और भोपालपुरवा में करीब 200 बीघा सब्जी की फसल जलमग्न हो गई है।
खेतों में फसल पानी में डूब चुकी है
किसान रोहित निषाद, रामस्वरूप, कमलेश, राजू और रामकिशन ने बताया कि खेतों में बैंगन, लोबिया, तरोई, कुंदरू और लौकी की फसल खड़ी थी, जो पानी में डूब चुकी है। किसानों को आशंका है कि रात में जलस्तर बढ़ा तो गुरुवार को भोपालपुरवा की गलियों में भी पानी पहुंच सकता है। इसके अलावा बनियापुरवा, दुर्गापुरवा, लछिमनपुरवा, गिल्लीपुरवा, मक्कापुरवा, शिवदीनपुरवा, डल्लापुरवा, हृदयपुर तिसजा और भारतपुरवा-ईश्वरीगंज के खेतों में भी पानी भर गया है।
नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ाई
कई स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी है। बिठूर के ब्रह्मावर्त, लक्ष्मण, पत्थर और सीता घाट की सीढ़ियां भी लगभग डूब चुकी हैं। गेज रीडर ने बताया कि बैराज से शुक्लागंज की ओर 93,512 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं नरौरा बांध से 1,11,969 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ाई है।
- बैराज अपस्ट्रीम (बैराज से बिठूर की तरफ)- 114.62 मीटर/ चेतावनी बिंदु- 114 मीटर
- बैराज डाउनस्ट्रीम (बैराज से परमट की तरफ)- 114.28 मीटर/खतरे का निशान- 115 मीटर
- शुक्लागंज- 113.01 मीटर / चेतावनी बिंदु - 113 मीटर