Kanpur: पहले से सक्रिय है छात्रों को बंधक बना वसूली करने वाला गैंग, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस, पढ़ें मामला
Kanpur News: गोपाला टावर के पास रहने वाले गैंग के सदस्य बॉयज हॉस्टल के आसपास पहले छात्रों को चिह्नित करते हैं। इसके बाद ऑनलाइन गेमिंग, नशा, सट्टा आदि की आदत डलवाकर उन पर हावी होते हैं।
विस्तार
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में स्थित कोचिंग मंडी में बाहर से आकर तैयारी करने वाले छात्रों को फंसाकर लूटने वाला गैंग एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। गैंग के लोग छात्रों को ऑनलाइन गेम की आदत डालते हैं, इसके बाद उनसे वसूली का खेल करते हैं। ऐसा नहीं है कि थाना पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हैं, लेकिन मूकदर्शक बनी रहती है।
कोचिंग मंडी में कई शहरों के छात्र छात्राएं तैयारी करने आते हैं। गोपाला टावर के पास रहने वाले गैंग के सदस्य बॉयज हॉस्टल के आसपास पहले छात्रों को चिह्नित करते हैं। इसके बाद ऑनलाइन गेमिंग, नशा, सट्टा आदि की आदत डलवाकर उन पर हावी होते हैं। इतना दबाव बनाया जाता है कि छात्र अपने परिवार से रुपये मंगाकर दबंगों को देते रहते हैं।
सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी पुलिस
पिछले वर्ष मई में इटावा के एक छात्र को जमकर पीटा गया। फिर पैसा नहीं मिलने पर उसके नाजुक अंगों में ईंट लटका दी गई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया था। अब आरोपी जेल से छूटकर बाहर आ चुके हैं। ऐसे में फिर गैंग सक्रिय हो चुका है। अब इस जालौन के कारोबारी के बेटे के साथ हुई घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए हैं।