Kanpur: क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने के नाम पर 6.22 लाख की ठगी, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की ठगों की तलाश
कानपुर में क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 6.22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में साइबर ठगों ने कल्याणपुर के रहने वाले एक युवक को क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर कई गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 6.22 लाख रुपये ठग लिए। कमिश्नरी पुलिस ने दो जून को केस दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। कल्याणपुर के आवास विकास निवासी सौरभ पांडेय निजी कंपनी में काम करते हैं। कुछ दिन पहले उनके पास विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। इसमें उन्हें इंस्टाग्राम पेज लाइक करने पर आय की बात कही गई।
उन्होंने इसे शुरू किया लेकिन इसी बीच उन्हें टेलीग्राम एप पर एक मैसेज के जरिये क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर कई गुना मुनाफे का झांसा दिया गया। अच्छा ऑफर समझ उन्होंने कई बार में 6.22 लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद उन्होंने पैसा वापस पाने के लिए संपर्क किया तो ठगी का पता चला।साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर ट्रांजेक्शन फ्रीज कर दिया है। ऐसे में आरोपी न तो पैसे निकाल सकता है और न ही आगे किसी को ट्रांसफर कर सकता है।
अतिरिक्त कमाई में ठगे जा रहे लोग
यह पहली बार नहीं है जब अतिरिक्त आय के चक्कर में लोग लुट रहे हैं। पिछले महीने एयरफोर्स के एक डॉक्टर के अलावा एक सरकारी शिक्षक भी ऑनलाइन कमाई और निवेश में कई गुना मुनाफा कमाने के चक्कर में लाखों रुपये की चपत लगवा चुके हैं।
ठगी का शिकार होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा साइबर क्राइम थाने के मोबाइल नंबर 7839876675 पर भी सूचना दी जा सकती है। 24 घंटे के भीतर शिकायत करने पर लेनदेन को जांच एजेंसियां फ्रीज करा देती हैं और पैसा आसानी से वापस मिल जाता है।