कानपुर: कंट्रोल रूम से निकला बाढ़ का पानी, बोरियों से बनाई गई मेढ़, दो लाख आबादी को जल्द मिलेगी बिजली
Kanpur News: कानपुर के मेहरबान सिंह का पुरवा समेत आधा दर्जन से अधिक इलाकों में पिछले पांच दिनों से जारी बिजली संकट से आखिरकार आज राहत मिलने की उम्मीद जगी है। उपकेंद्र परिसर और कंट्रोल रूम में घुसे बाढ़ के पानी को मोटर पंप लगाकर निकालने का काम अंतिम चरण में है।
विस्तार
कानपुर के मेहरबान सिंह पूरवा, मर्दनपुर, कंचनपुर, आरके पुरम, मोहनपुरम, बिहारी पुरवा, पिपौरी और बनपूरवा समेत आधा दर्जन से अधिक क्षेत्रों की लगभग दो लाख आबादी के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले पांच दिनों से अंधेरे में डूबने और जलभराव का दंश झेल रहे इन इलाकों में बुधवार को बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।
उपकेंद्र के कंट्रोल रूम में घुसे बाढ़ के पानी के उतरने के बाद बिजली विभाग की टीमें मशीनों को चालू करने की तैयारियों में जुट गई हैं। गौरतलब है कि भीषण जलभराव के कारण बिजली उपकेंद्र परिसर और कंट्रोल रूम में पानी भर गया था, जिससे सुरक्षा के लिहाज से पिछले पांच दिनों से पावर सप्लाई रोकनी पड़ी थी।
मोटर पंप लगाकर जलजमाव को बाहर निकाला
स्थिति पर काबू पाने के लिए विभाग ने नहर से बालू लाकर बोरियों में भरा और चारों ओर अस्थाई बांध तैयार किया। इसके बाद भारी क्षमता वाले मोटर पंप लगाकर जलजमाव को बाहर निकाला गया। आज सुबह कंट्रोल रूम के फर्श से पानी पूरी तरह साफ हो गया। केस्को के अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद मशीनों और इलेक्ट्रिकल पैनलों में जमा नमी को दूर करने का काम लगातार चल रहा है।
आपूर्ति तुरंत बहाल कर दी जाएगी
सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पैनलों और मशीनों की गहन सफाई तथा सिकाई की जा रही है, ताकि पावर ऑन करते समय शॉट सर्किट या बड़े हादसों का खतरा न रहे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों से थोड़ा और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया है कि जैसे ही पैनल पूरी तरह सूख जाएंगे, आपूर्ति तुरंत बहाल कर दी जाएगी।