Kanpur Fire: प्रिंटिंग फैक्टरी में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा, दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू
Kanpur News: पनकी थाना क्षेत्र के इस्पात नगर में प्रिंटिंग फैक्टरी में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है।
विस्तार
कानपुर में पनकी थाना क्षेत्र के इस्पात नगर में एक प्रिंटिंग फैक्टरी में भीषण आग लग गई। घटना में फैक्टरी में रखा कई टन प्रिंटिंग के लिए रखा प्लास्टिक का रैपर जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एफएसओ ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस्पात नगर स्थित ददन पांडे गुजैनी निवासी की एफ 32 ओम रोटो प्रिंटिंग फैक्टरी में बुधवार सुबह लगभग पांच बजे तेज लपटों के साथ धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास की फैक्टरियों में काम करने वाले लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस और मालिक को दी। आनन फानन फायर ब्रिगेड को भी घटना की सूचना दी।
दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू
मौके पर पहुंची किदवई नगर, जाजमऊ, करनैलगंज, मीरपुर फायर स्टेशन से आई दमकल 10 गाड़ियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के आग पर काबू पाया। फैक्टरी मालिक ददन पांडेय ने बताया कि अभी नुकसान का आकलन नहीं किया जा सकता है, क्योंकि अंदर की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पा रही है। फिर प्रथम दृष्या पूरा प्रिंटिंग रैपर जलकर राख हो चुका है।