Kanpur: जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों के बीच मारपीट, छह शिक्षकों पर आरोप; डीएम ने गठित की त्रिस्तरीय कमेटी
Kanpur News: सरसौल स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों के बीच मारपीट का मामला तूल पकड़ने के बाद जिलाधिकारी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। 18 जुलाई को कक्षा 10, 11 और 12 के छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना की जांच के लिए गठित समिति को एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
सरसौल स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बीते दिनों छात्रों के गुटों के बीच हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। 18 जुलाई को कक्षा 10, 11 और 12 के छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। एसडीएम नरवल की रिपोर्ट के आधार पर की गई इस कार्रवाई के तहत जांच समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम और पुलिस ने देर रात पहुंचकर शांत कराया था मामला
एसडीएम नरवल सत्यप्रकाश प्रजापति ने जिलाधिकारी को भेजी अपनी रिपोर्ट में बताया कि 18 जुलाई की शाम विद्यालय के उपप्रधानाचार्य ने छात्रों में मारपीट और उनके खाना न खाने मेस का बहिष्कार करने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही रात करीब 10 बजे एसडीएम और महाराजपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और उन्हें खाना खिलवाया।
6 शिक्षकों पर अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप
अधिकारियों द्वारा की गई शुरुआती जांच के दौरान छात्रों ने विद्यालय के छह शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना था कि शिक्षक उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करते हैं। आरोपों के घेरे में आए शिक्षकों में राजीव वासुदेव, सुभाष सेठ, संदीप कुमार, नीरज पांडेय, अनूप वाचिल और कीतानंद पांडेय शामिल हैं। छात्रों ने अधिकारियों को अपने शरीर पर लगी चोटें भी दिखाईं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोटें आपसी विवाद में लगीं या शिक्षकों की कथित मारपीट में।
त्रिस्तरीय समिति करेगी जांच
छात्रों ने अधिकारियों को बताया कि विद्यालय परिसर में इस तरह की मारपीट और विवाद की घटना पिछले कुछ समय में यह तीसरी बार हुई है, जिससे छात्रों में गहरा असंतोष है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गठित समिति में तहसीलदार नरवल, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक प्रशांत द्विवेदी और अभिभावक प्रतिनिधि रामराज कुशवाहा को शामिल किया गया है। समिति की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।