Kanpur Farmer Suicide: आशु दीवाकर पर एक और एफआईआर, अवमानना का मुकदमा दर्ज, राहुल जैन जेल से रिहा
Kanpur News: चकेरी इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि आशु के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, रिहाई परवाना पहुंचने के बाद राहुल जैन को बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया।
विस्तार
कानपुर में किसान बाबू सिंह की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी डॉ. प्रियरंजन आशु दिवाकर पर कोर्ट की अवमानना का एक और मुकदमा चकेरी थाने में दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरी ओर जेल में बंद बाबू सिंह की जमीन खरीदने वाला राहुल जैन हाईकोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आ गया।
चकेरी गांव निवासी किसान बाबू सिंह ने बीते नौ सितंबर को ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। पुलिस ने मामले में किसान की पत्नी बिटान की तहरीर पर आशु दिवाकर, राहुल जैन, मधुर पांडेय, शिवम सिंह, किसान के भतीजे जितेंद्र व बबलू यादव के खिलाफ धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने, आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने राहुल जैन व मधुर पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अन्य के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई चल रही है। इनके घरों पर कुर्की का नोटिस चस्पा हो चुका है। आशु दिवाकर के यहां बीते 21 अक्तूबर को नोटिस चस्पा की गई थी, मगर उसने समर्पण नहीं किया।
राहुल जैन जेल से रिहा
चकेरी इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि आशु के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, रिहाई परवाना पहुंचने के बाद राहुल जैन को बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया। कुछ आपत्तियों के चलते रिहाई परवाना मंगलवार को जारी नहीं हो सका था।