Kanpur: गोलू हत्याकांड पर परिजनों का हंगामा, आरोपियों पर बुलडोजर और फांसी की मांग, तीन संदिग्ध हिरासत में
Kanpur News: महाराजपुर के रुमा में 5000 रुपये के विवाद में डीसीएम चालक गोलू सिंह की हत्या कर दी गई। परिजनों ने आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रुमा स्थित जेके ढाबा के पास बुधवार सुबह 28 वर्षीय युवक का शव मिला था मृतक की पहचान हाथीपुर गांव निवासी गोलू सिंह पुत्र गोपाल सिंह के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत सिर पर हड्डी टूटने और घातक प्रहार से हुई है।
मृतक की मां प्रेमा और पत्नी लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि गांव के ही गैर समुदाय के युवक से पैसों का विवाद था। गोलू डीसीएम चलाता था और आरोपी पर लगभग 5000 बाकी थे। पैसे मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
जब तक न्याय नहीं मिलेगा, शव को उठने नहीं देंगे
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद सहित कई शहरों में हिंदुओं की हत्याओं के मामलों में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की थी। उसी तरह की कार्रवाई यहां भी की जाए। मृतक की मां ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, वे शव को उठने नहीं देंगे और थाने के बाहर रख देंगे।
पूछताछ के लिए तीन संदिग्धों को उठाया
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि मामला नामजद दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के लिए तीन संदिग्धों को उठाया गया है और कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। महाराजपुर थाने और चकेरी पुलिस बल मौके पर मौजूद है।