Kanpur Accident: डंपर ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत और साथी घायल, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
Kanpur News: बिठूर थाना क्षेत्र में ब्लू वर्ल्ड तिराहे के पास शुक्रवार रात खनन में लगे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक की मौत हो गई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में बिठूर थाना क्षेत्र के ब्लू वर्ल्ड तिराहे के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा खनन में लगे एक डंपर द्वारा बाइक में जोरदार टक्कर मारने से हुआ।
मृतक के साथी और बाइक चालक विजय ने बताया कि सुनील गौतम उर्फ सोने (32), जो मूल रूप से चौबेपुर के संडीला का रहने वाला था और मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार रात उनके साथ बाइक पर सवार होकर मंधना दवा लेने जा रहा था।
तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी
जैसे ही वे ब्लू वर्ल्ड तिराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि विजय को हल्की खरोंचे आईं।
फरार चालक की तलाश जारी
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायल को तुरंत सीएचसी चौबेपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुनील गौतम को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कराया है। वहीं, फरार डंपर चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।