परेशानी: आंधी और बारिश से आधे शहर की बिजली गुल, पनकी हाईवे किया जाम…लाखों लोग पानी को तरसे
Kanpur News: पनकी इलाके में सुबह आठ बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों के सब्र का बांध शाम को टूट गया। सभी लोगों ने पहले केस्को सबस्टेशन पर पहुंचकर हंगामा काटा। वहां सही जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने पनकी हाईवे पर जाम लगा दिया। इसमें एंबुलेंस भी फंस गई।
विस्तार
कानपुर शहर में शुक्रवार शाम को आई आंधी और बारिश से कई क्षेत्रों में तार टूट गए। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ने से आधे शहर की बिजली गुल हो गई। छह से सात घंटे तक बिजली न आने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। वहीं, पनकी क्षेत्र में सुबह आठ बजे से बिजली न आने से लोगों का धैर्य शाम को जवाब दे गया। लोगों ने हाईवे जाम कर हंगामा किया। सबस्टेशनों पर नारेबाजी की।
जनकीपुरम, बर्रा विश्व बैंक, ख्योरा, नवाबगंज, कंपनीबाग, तिवारी घाट, सीएसए, बीमा चौराहा, आर्यनगर, अंबेडकरपुरम, आवास विकास, कालपी रोड, मीतासराय, दयानंद विहार, इंदिरानगर, केशवपुरम, तत्याटोपेनगर, कृष्णानगर, गूबा गार्डन कल्याण्पर, पनकी बी ब्लॉक, आवास विकास तीन, पुराना शिवली रोड, शास्त्रीनगर, कैलाश विहार, बर्रा दो, स्वराजनगर, आजाद नगर, पत्रकारपुरम, सरोजनीनगर, सिद्धार्थनगर, शारदानगर, काकादेव एम ब्लॉक, विकासनगर, हितकारी नगर, मिर्जापुर, मछरिया समेत करीब सौ क्षेत्रों की बिजली बाधित रही।
केस्को के टोल फ्री नंबर पर कॉल की
आंधी व बारिश के दो घंटे बाद भी बिजली नहीं आई तो लोगों ने केस्को के एक्स अकाउंट पर शिकायत की। कई लोगों ने केस्को के टोल फ्री नंबर पर कॉल की। हालांकि आरोप है कि टोल फ्री नंबर कई बार मिलाने के बावजूद वह व्यस्त बताता रहा, नंबर मिला भी तो सटीक उत्तर नहीं मिल सका। पनकी एमआईजी चौक, बी, सी ब्लॉक, रतनपुर कलोनी आदि क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों के सब्र का बांध शाम को टूट गया।
पनकी क्षेत्र में पूरा दिन नहीं रही बिजली
सभी लोगों ने पहले केस्को सबस्टेशन पर पहुंचकर हंगामा काटा। वहां सही जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने पनकी हाईवे पर जाम लगा दिया। इसमें एंबुलेंस भी फंस गई। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि 15 दिन से बिजली आंख-मिचौली कर रही है। दो दिनों से रात को केस्को की ओर से नौ बजे से सुबह आठ बजे तक लगातार बिजली काटी जा रही है। शुक्रवार को पूरा दिन बिजली नहीं आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया। इसी तरह, केशवपुरम सबस्टेशन के क्षेत्र मसमानपुर, रावतपुर, सैयदनगर में 11 हजार लाइन टूटी होने के कारण चार बजे से रात दस बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों ने सबस्टेशन पर हंगामा काटा।
आंधी और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ गया है। मरम्मत व दुरुस्तीकरण कार्य के लिए टीमें लगी हैं। जल्द ही सभी क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल की जाएगी। -देवेंद्र वर्मा, मीडिया प्रभारी, केस्को