Kanpur: विभागीय मामला होने के चलते पुलिस विवेचना में कर रही लेटलतीफी, पीड़ित बोला- CM से करूंगा शिकायत
Kanpur News: चकेरी के पूर्व थानेदार और चौकी प्रभारी पर डकैती का केस दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई न होने से पीड़ित नाराज है। पीड़ित ने वीडियो वायरल कर पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री से शिकायत की चेतावनी दी है।
विस्तार
कानपुर के चकेरी थाने में तत्कालीन थाना प्रभारी संतोष शुक्ला व तत्कालीन सनिगवां चौकी प्रभारी अंकित खटाना समेत अन्य के खिलाफ डकैती समेत कई धाराओं में दर्ज प्राथमिकी में पीड़ित ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस विभागीय मामला होने के चलते विवेचना में लेटलतीफी कर रही है। पीड़ित ने अपना एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया और न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित ने कहा है कि अगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करेगी तो वे सीएम योगी के पास जाकर मामले की शिकायत करेंगे। लाल बंगला के चंद्र नगर निवासी संजय जायसवाल की पत्नी संगीता जायसवाल ने आरोप लगाया था कि बीती 29 मार्च को जमीन के विवाद में तत्कालीन चकेरी थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला, तत्कालीन सनिगवां चौकी प्रभारी अंकित खटाना, योगी बिल्डर व धर्मेंद्र यादव के साथ करीब 40 अज्ञात ने बिना कोर्ट या सक्षम अधिकारी के आदेश के कब्जा करवा दिया था।
जांच के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी
पति संजय जायसवाल को जेल भी भेज दिया था। पीड़िता ने हाईकोर्ट के आदेश पर चकेरी थाने मे तत्कालीन थाना प्रभारी संतोेष कुमार शुक्ला, तत्कालीन सनिगवां चौकी प्रभारी अंकित खटाना समेत अन्य पर मारपीट, डकैती समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में विवेचक व महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित को साक्ष्य देने के लिए कहा गया है।