कानपुर: एचटी लाइन की चपेट में आकर चालक की मौत, कंटेनर से कोयला उतारते समय हादसा, केस्को की लापरवाही उजागर
Kanpur News: बर्रा-छह पाल टावर के पास कंटेनर का गेट खोलते समय चालक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर महज 11-12 फीट की ऊंचाई पर झूल रही लाइन और तिरछे खंभे को लेकर केस्को विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है।
विस्तार
कानपुर में बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्रा-छह पाल टावर के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोयले से भरा कंटेनर खाली करने के लिए पाल टावर के पास स्थित आहद एंटरप्राइजेज के कोयला गोदाम पर आया था। गाड़ी खाली करते समय जब चालक ने कंटेनर का गेट खोला, तो वह ऊपर से जा रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया।
गेट में करंट प्रवाहित होने से चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आसपास के लोगों ने युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा, तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले बिजली की लाइन बंद कराई। इसके बाद युवक की तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान कपिल (32) निवासी संभल के रूप में हुई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल की गहन जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर केस्को विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
11 फीट की ऊंचाई पर झूल रही थी लाइन
यहां ऊपर से जा रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन महज 11 से 12 फीट की ऊंचाई पर झूल रही है, जबकि सामान्य कंटेनर की ऊंचाई ही 12 से 13 फीट होती है। इसके अलावा जिस पोल पर यह लाइन टिकी है, वह भी पूरी तरह तिरछा हो चुका है और किसी भी समय गिरकर बड़े हादसे का कारण बन सकता है। हादसे के बाद पुलिस ने उस गोदाम के मालिक को भी सूचना दी, लेकिन दो घंटे बीत जाने के बाद भी गोदाम मालिक मौके पर नहीं पहुंचा।
