कानपुर: चकरपुर मंडी में निदेशक का औचक निरीक्षण, गंदगी और बदहाली पर कड़ा एक्शन, दो अधिकारियों को नोटिस
Kanpur News: उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कानपुर की चकरपुर मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी और चोक नालियां मिलने पर उन्होंने उपनिदेशक और मंडी सचिव को नोटिस जारी कर 10 दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने की मोहलत दी है, अन्यथा निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर की मंडियों में स्वच्छता और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने निकले राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को चकरपुर मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में जगह-जगह गंदगी और चोक नालियां मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और दो जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए नोटिस जारी किया।
10 दिन की मोहलत निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में गंदगी का अंबार और कई दिनों से साफ न होने के कारण चोक पड़ी नालियां मिलीं। सफाई व्यवस्था पर हर महीने भारी-भरकम धनराशि खर्च होने के बावजूद इस तरह के हालात मिलने पर निदेशक ने उपनिदेशक प्रशासन (विपणन) संजय कुमार सिंह और मंडी समिति कानपुर के सचिव विजिन कुमार बालियान से तीखा जवाब तलब किया।
सुधार न होने पर होगी निलंबन की कार्रवाई
दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी कर दस दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की चेतावनी दी गई है। निर्धारित अवधि में सुधार न होने पर सीधे निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। निदेशालय की टीम आगामी 28 नवंबर को मंडी की व्यवस्थाओं की दोबारा जांच करने पहुंचेगी। निदेशक ने मंडी परिसर को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
व्यापारियों और आढ़तियों से किया संवाद
इसके अलावा उन्होंने पीपीपी मॉडल पर निर्माणाधीन दस सीटों वाले सार्वजनिक शौचालय की प्रगति का जायजा लिया और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए। परिसर में निर्माणाधीन नीलामी चबूतरे का निरीक्षण करते हुए उसे 15 दिन के भीतर हर हाल में पूरा कराने को कहा। वहीं, निरीक्षण के दौरान निदेशक ने मंडी में कारोबार करने वाले व्यापारियों और आढ़तियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने पेयजल की सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त वाटर कूलर लगवाने और वर्तमान में ग्रामीण फीडर से जुड़ी बिजली आपूर्ति को शहरी फीडर से जोड़ने की प्रमुख मांग उठाई।
स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान
निदेशक ने व्यापारियों की दोनों मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेशभर की मंडियों में सितंबर-अक्टूबर से स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद चकरपुर मंडी में स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
