कानपुर धनतेरस: आज बरसेगा कुबेर का खजाना, 2000 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद, कारोबारियों ने कही ये बात
Kanpur News: धनतेरस पर कानपुर के बाजारों में कुबेर का खजाना बरसने की पूरी तैयारी है। शहर में दो हजार करोड़ रुपये से अधिक के बंपर कारोबार की उम्मीद है, जिसमें अकेले सराफा बाजार से 400 करोड़ रुपये का व्यापार होने का अनुमान है।
विस्तार
कानपुर में पांच दिवसीय दिवाली पर्व की शुरुआत शुक्रवार को धनतेरस से हो गई है। त्योहार को लेकर शहर के बाजारों के शोरूम दुल्हन की तरह सजाए गए हैं। सराफा, ऑटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेवा, फर्नीचर, कपड़ा, झालर, मूर्तियों और सजावटी सामान के बाजारों में जमकर कारोबार की उम्मीद है। सराफा बाजार में 400 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
वहीं, धनतेरस पर शहर में दो हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है। सोना शुक्रवार को 1,47,700 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 1,93,700 रुपये प्रति किलो पर रही। इसके बावजूद धनतेरस पर करीब 280 करोड़ रुपये का सोना और 190 करोड़ रुपये की चांदी बिकने का अनुमान है। कारोबारियों के मुताबिक करीब 200 किलो सोना और 10 हजार किलो चांदी बिक सकती है।
इस बार 400 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
आभूषणों के साथ सिक्कों की भी अच्छी मांग है। एक ग्राम से लेकर एक हजार ग्राम तक के सोने के सिक्के उपलब्ध हैं। सोने-चांदी के गणेश-लक्ष्मी, राधाकृष्ण, दुर्गा, हनुमान और रामदरबार की मूर्तियों के अलावा बर्तनों की भी मांग है। ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि बढ़ी कीमतों के बाद भी इस बार 400 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
15 हजार से ज्यादा दो पहिया और पांच हजार कारों की होगी डिलीवरी
नवरात्र में शहर के ऑटोमोबाइल उद्योग को 700 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार मिला था। धनतेरस पर 100 से ज्यादा कार और बाइक शोरूमों में 15 हजार बाइक-स्कूटी और पांच हजार से अधिक कारों की बिक्री का अनुमान है। 70-80 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू और 20-25 लाख रुपये की एसयूवी की मांग है। एक बाइक शोरूम में 350 से ज्यादा बाइकों और एक कार शोरूम में 125 से अधिक कारों की डिलीवरी होनी है।
स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन की मांग अधिक
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और माइक्रोओवन की सबसे ज्यादा मांग है। मिक्सी, ग्राइंडर, कॉफी मेकर और एयर फ्रायर भी पसंद किए जा रहे हैं। टीवी, फ्रिज, एसी और वॉशिंग मशीन के कॉम्बो पैक 1.21 लाख और 1.51 लाख रुपये में उपलब्ध हैं। नवंबर-दिसंबर में शादियों वाले परिवारों ने इनकी बुकिंग कराई है।
बर्तन, फर्नीचर और मेवा बाजार में रौनक
बर्तन बाजार में पीतल, कॉपर और डिजाइनर बर्तनों की मांग है। उप्र बर्तन व्यापार संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह वर्मा ने बताया कि लेजर प्रिंटिंग वाली थाली, कटोरी और गिलास आकर्षण का केंद्र हैं। इन पर फूल-पत्ती, कार्टून, देवी-देवताओं या ग्राहक की तस्वीर बनवाई जा सकती है। रंग बदलने वाला गिलास 100 रुपये प्रति पीस है। मुरादाबादी, सिल्वर टच, मिरर पॉलिश थाली सेट, मिल्क पॉट और नक्काशीदार पीतल-कॉपर के बर्तन भी उपलब्ध हैं।
सोफा, डाइनिंग टेबल, डबल बेड की खरीद अधिक
फर्नीचर बाजार में लकड़ी के मंदिर, महाराजा और एल शेप सोफा, डाइनिंग टेबल, डबल बेड और झूले की मांग है। गद्दे, तकिये और रजाइयां भी बिक रही हैं। आगामी सहालग के लिए एक लाख से 2.70 लाख रुपये तक के मैरिज पैकेज उपलब्ध हैं। इनमें स्टोरेज वाला डबल बेड, गद्दा, दो तकिये, कवर, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी और सोफा सेट शामिल हैं।
सोने-चांदी के दाम तेज हुए हैं, लेकिन ग्राहकों का उत्साह बरकरार है। सोना, चांदी, डायमंड के गहनों के अलावा सिक्कों की अच्छी मांग है। पर्व पर अच्छा कारोबार होने का अनुमान है। -महेश चंद्र जैन, अध्यक्ष, उप्र सराफा एसोसिएशन
एक शोरूम में 350 से ज्यादा दोपहिया वाहनों और कार शोरूम में 125 से ज्यादा देसी-विदेशी कारों की डिलीवरी होनी है। बृहस्पतिवार को ही 100 से ज्यादा बाइक की डिलीवरी दी गई। -सुमन कपूर, ऑटोमोबाइल कारोबारी
पिछले साल की तुलना में इस बार मेवा के दाम तेज हैं। इसके बावजूद मांग अच्छी है। बीते शनिवार से बाजार में तेजी है। आकर्षक पैकिंग वाले गिफ्ट पैक सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। -अलंकार ओमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दि किराना मर्चेंट एसोसिएशन