Kanpur Dehat: युवक की गोली मारकर कर हत्या, तीन गोलियां मारीं…सड़क किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur Dehat News: गजनेर थाना क्षेत्र में नंगापुर के पास युवक का चार गोलियां लगा शव सड़क किनारे मिला। युवक रनिया की फैक्टरी में सुपरवाइजर था और दीपावली की पूजा के बाद घर से निकला था। पुलिस ने खुलासे के लिए टीम गठित कर दी है।
विस्तार
कानपुर देहात में गजनेर थाना क्षेत्र के नंगापुर के पास सड़क किनारे युवक का खून से लथपथ शव मिला। युवक की गोली मार कर हत्या की गई। गर्दन, माथे पर एक&एक और सीने में दो गोली मारी गई है। घटना की जानकारी पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने छानबीन की।
कानपुर के पश्चिम सेन पारा थाना क्षेत्र के न्यूरी निवासी गौरव उर्फ सिब्बु (24) पुत्र अरविंद अवस्थी का शव मंगलवार सुबह आठ बजे के करीब गजनेर थाना क्षेत्र के नंगापुर के पास सड़क किनारे मिला। युवक की गोलीमार कर हत्या किए जाने की जानकारी पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए हैं साक्ष्य
कुछ देर बाद एसपी श्रद्धा नरेंद पांडेय, एएसपी राजेश पांडेय भी पहुंच गए। अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पिता अरविंद अवस्थी ने एसपी को बताया कि बेटा बचपन से ननिहाल तारौंदा में रह रहा था। बेटा रनिया की एक फैक्टरी में सुपरवाइजर था।
रिपोर्ट दर्ज कर की जाएगी कार्रवाई
रोते बिलखते हुए नानी मुन्नी देवी ने बताया कि सोमवार की रात आठ बजे दिवाली की पूजा कर बिना बताए घर से निकल गया था। इसके बाद सुबह हत्या की जानकारी मिली। एसपी श्रद्धा नरेंद पांडेय ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए टीम लगाई गई है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।