Kanpur Dehat: दो दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला, पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि, जांच शुरू
थाना प्रभारी जीत मल ने बताया कि पोस्टमार्टम में सहदेव की पानी में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। अगर परिजन कोई तहरीर देंगे, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर देहात में अमराहट क्षेत्र के कच्ची महटौली गांव से दो दिन पहले लापता हुए युवक का शव शुक्रवार को गांव में ही तालाब में उतराता मिला। सूचना पर पहुंचे एएसपी ने शव को बाहर निकलवाया और परिजनों से पूछताछ की। पोस्टमार्टम में युवक की पानी में डूबने से मौत होेने की पुष्टि हुई है।
कच्ची महटौली गांव निवासी सहदेव राजपूत उर्फ लालू (36) नौ अगस्त को घर से निकला था। परिजनों ने उसकी हर संभावित स्थान पर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह गांव स्थित तालाब में एक युवक का पानी में उतराता शव ग्रामीणों ने देखा।
इसकी सूचना पुलिस के साथ ही लापता सहदेव के घरवालों को दी। कुछ ही देर में एएसपी राजेश पांडेय, सीओ प्रिया सिंह थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाया। मौके पर मौजूद सहदेव के भाई चरण सिंह ने शव की शिनाख्त की।
एएसपी व सीओ से सहदेव के परिजनों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। चरण सिंह ने बताया कि एक सड़क हादसे में चोट लगने की वजह से सहदेव अपना मानसिक संतुलन खो चुके थे। वह पागलों जैसी हरकत करते थे।
कई बार बिना घरवालों को कुछ बताए घर से निकल जाते थे। बाद में लौट भी आते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। थाना प्रभारी जीत मल ने बताया कि पोस्टमार्टम में सहदेव की पानी में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। अगर परिजन कोई तहरीर देंगे, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।