Kanpur Dehat: मुंह सूंघकर बना दी शराब नहीं पीने की रिपोर्ट, अधीक्षक ने ईएमओ से मांगा स्पष्टीकरण
आबकारी निरीक्षक सूर्याकांत ने बताया कि मेडिकल परीक्षण कराया गया था। इसमें डॉक्टर ने अपनी रिपोर्ट दी है। उन्होंने शराब की जांच को रूटीन की प्रक्रिया बताया।
विस्तार
कानपुर देहात में कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम ने आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान मैथा में तैनात आबकारी निरीक्षक के सवाल के जवाब में सही से बोल नहीं पाए। इस पर डीएम ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए अकबरपुर सीएचसी भेजा।
वहां ईएमओ ने मुंह सुंघकर शराब नहीं पीने की रिपोर्ट बना दी। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। इसके बाद अधीक्षक ने ईएमओ से स्पष्टीकरण मांगा है। बुधवार दोपहर दो बजे कलक्ट्रेट में डीएम नेहा जैन ने आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक बुलाई थी। इसमें जिले के सभी अधिकारी शामिल हुए थे।
खराब प्रगति वाले क्षेत्रों के निरीक्षकों से सवाल जवाब कर रहीं थी। इस दौरान उन्होंने मैथा क्षेत्र के निरीक्षक सूर्याकांत से सवाल किया तो वह ठीक तरीके से जवाब नहीं दे पाए। इस पर डीएम ने शराब पीने की आशंका के चलते सहयोगियों के साथ निरीक्षक को अकबरपुर सीएचसी मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
वहां ईएमओ डॉ. आनंद गुप्ता ने फार्मासिस्ट से निरीक्षक का मुंह सुंघवाकर शरीर में शराब न होने की रिपोर्ट बना दी। इसकी जानकारी डीएम को हुई तो उन्होंने नियमों के तहत रिपोर्ट न होने का हवाला देते हुए सीएमओ डॉ. एके सिंह से नाराजगी जताई।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सजग हुई। इस पर अकबरपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. आईएच खान ने बताया कि आबकारी निरीक्षक का मुंह सुंघकर ईएमओ ने मेडिकल परीक्षण कर शरीर में शराब न होने की रिपोर्ट बना दी थी।
जबकि उन्हें ब्लड प्रेशर, चलने की तरीका सहित अन्य जांचें करनी चाहिए थीं। इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, आबकारी निरीक्षक सूर्याकांत ने बताया कि मेडिकल परीक्षण कराया गया था। इसमें डॉक्टर ने अपनी रिपोर्ट दी है। उन्होंने शराब की जांच को रूटीन की प्रक्रिया बताया।