UP News: ओपीडी में लग रही मरीजों की कतार, छह दिनों में पहुंचे 5000 से अधिक मरीज, डॉक्टरों की है ये सलाह
मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर नजर आ रहा है। जिला अस्पताल में वायरल बुखार, सर्दी, खांसी, जुकाम, उल्टी, दस्त के मरीज रोजाना पहले की अपेक्षा अधिक पहुंच रहे हैं।
विस्तार
कानपुर देहात में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में वायरल बुखार, सर्दी, खांसी, जुकाम, गले में खराश, सिर में दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में हर रोज सिर्फ बुखार पीड़ित ही 150 के करीब मरीज आ रहे हैं।
वहीं, छह दिनों के आंकड़ों पर गौर करें तो उपचार के लिए 5009 मरीज अस्पताल पहुंचे। चिकित्सक मरीजों को दवाओं के साथ इस तरह के मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों से मौसम में काफी उतार चढ़ाव हो रहा है।
कभी बारिश, तो कभी गर्मी और कभी तापमान में गिरावट होने से मौसम ठंडा हो रहा। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर नजर आ रहा है। जिला अस्पताल में वायरल बुखार, सर्दी, खांसी, जुकाम, उल्टी, दस्त के मरीज रोजाना पहले की अपेक्षा अधिक पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमर चंद्रा ने बताया कि तापमान में उतार चढ़ाव का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। ओपीडी में आने वाले मरीजों में बुखार, उल्टी, दस्त जैसी समस्याएं सबसे अधिक हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग बच्चों को मेडिकल स्टोर से दवा लाकर खिला देते। इससे उनकी हालत और भी बिगड़ जाती है।
डॉ. अमर चंद्रा ने बताया कि बीमारियों से बचने के लिए बच्चों के कपड़ों को साफ रखना चाहिए। हरी सब्जियों को फ्रिज में अधिक देर तक न रखें और फ्रिज का ठंडा पानी न पिएं। छोटे बच्चों के गीले कपड़े समय पर बदलते रहें। जिससे उनको सर्दी, जुकाम, खांसी से बचाया जा सके।
जनरल फिजिशियन डॉ. प्रतीक सक्सेना ने बताया कि वायरल इन्फेक्शन के मरीजों की इस समय लंबी लाइन लग रही है। हर दिन 150 के करीब मरीज सिर्फ बुखार से जुड़े आ रहे हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है। डॉ. प्रतीक ने बताया कि पुराने सांस वाले मरीजों में निमोनिया भी हो रहा है। इस तरह के 10 मरीज हर दिन आ रहे।