Kanpur Dehat: पांचवीं की छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, बीएसए ने किया निलंबित
एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि आरोपी प्रधानाध्यापक को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विस्तार
कानपुर देहात के रसूलाबाद में कक्षा पांच की छात्रा से विद्यालय में दुष्कर्म का प्रयास करने के मामले में आरोपी प्रधानाध्यापक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। आगे की कार्रवाई के लिए विभागीय जांच कराने की बात भी कही है।
क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजीत कमल ने स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा पांच की छात्रा के साथ बुधवार को बाथरूम में अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया था। छात्रा ने घर पहुंचकर परिवार के लोगोंं को आप बीती बताई थी।
इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग गया था। गुरुवार को छात्रा के परिजनों ने थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने छात्रा को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि आरोपी प्रधानाध्यापक को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। इधर, बीएसए रिद्धी पांडेय ने रसूलाबाद के बीईओ मनोज सिंह को प्रकरण की जांच सौंपी।
बीईओ ने जांच में आरोपी प्रधानाध्यापक पर लगे आरोप सही पाए। शुक्रवार देर शाम बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक रंजीत कमल को निलंबित कर दिया। बीएसए ने बताया कि आरोपी प्रधानाध्यापक पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राजपत्रित अधिकारी को विभागीय जांच सौंपी जाएगी।