Kanpur Dehat: चारपाई पर खून से लथपथ मिला मिल मालिक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच शुरू
Kanpur Dehat News: सट्टी थाना क्षेत्र में मिल मालिक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा मिला है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
विस्तार
कानपुर देहात में सट्टी थाना के कुंवरपुर स्थित निर्माणाधीन तेल मिल में गुरुवार सुबह मालिक रामप्रकाश कटियार (70) का शव संदिग्ध हालत में खून से लथपथ चारपाई पर मिला। सुबह सात बजे के करीब मिल मालिक को दूध देने पहुंचे गांव के एक बच्चे को मेनगेट खुला मिला।
अंदर जाने पर उसे शव चारपाई पर पड़ा देखा, तो शोर मचाया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक के परिजन ने हत्या का आरोप लगा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसपी अरविंद मिश्रा, एएसपी राजेश पांडेय ने घटना स्थल पर जांच पड़ताल की। पुलिस को मृतक के सिर चोट मिली।
कई बिंदुओं पर की जा रही है जांच
वहीं, पास में एक लकड़ी का टुकड़ा बरामद हुआ। चारपाई के पास दूसरी मंजिल पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी पड़ा मिला। एसपी अरविंद मिश्रा ने बताया कि इमारत निर्माणाधीन है। बुधवार को आंधी आने के दौरान चौथे तल पर लगी शटरिंग गिरने से घायल होकर मिल मालिक की मौत हुई है। फिलहाल कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।