‘थम गईं सांसें’: बाइकों की आमने-सामने टक्कर, किसान समेत दो की मौत, एक की हालत नाजुक, हेलमेट न होना बना जानलेवा
Kanpur Dehat Accident News: डेरापुर-रूरा मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना में हेलमेट न पहनना जानलेवा साबित हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर देहात में डेरापुर-रूरा मार्ग पर रविवार सुबह गलुवापुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बलादीपुरवा गांव निवासी जयप्रकाश (60) पुत्र रूपलाल रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बाइक से शाहजादेपुर (जालौन) से वापस लौट रहे थे। गलुवापुर गांव के पास आम के बाग के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
तीनों गंभीर रूप से घायल
दूसरी बाइक पर बदनपुर गांव, थाना राजपुर निवासी चिंटू नायक (40) पुत्र रघुनाथ सिंह और जगदेव (23) पुत्र जगराम सिंह सवार थे, जो अपनी बहन के यहां से लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसर डेरापुर पहुंचाया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहां चिकित्सक डॉ. वरुण द्विवेदी ने जयप्रकाश और चिंटू नायक को मृत घोषित कर दिया। घायल जगदेव की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हेलमेट नहीं पहन रखा था
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतक जयप्रकाश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
उनके दो बेटे हैं, जिनमें सरदार बीएसएफ में जवान हैं, जबकि शिवम खेती में उनका हाथ बंटाता है। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी फूलकली और बेटे शिवम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दो मौतों से गांव में भी मातम पसर गया है।