Kanpur Dehat: सूखे कुएं में मिला बुजुर्ग का शव, दो दिन से था लापता, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम रोज की तरह घर से गांव में टहलने के लिए निकले थे। इसके बाद से वह घर नहीं लौटे। हर संभावित स्थान पर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
विस्तार
कानपुर देहात के बैना गांव से दो दिन से लापता बुजुर्ग का शव गांव के बाहर सूखे कुएं में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल कर्मियों को मौके पर बुलाकर शव को कुएं से बाहर निकालवाया। परिजनों ने मानसिक तनाव के चलते बुजुर्ग के कुएं में कूदकर जान देने की बात कही है।
औरैया जिले के दिबियापुर के कंचौसी गांव निवासी रमेश चंद्र तिवारी (70) बेटी सुमन देवी की ससुराल बैना गांव में रह रहे थे। दामाद रविंद्र कुमार ने बताया कि उसके ससुर रमेश चंद्र तिवारी के बेटे नहीं हैं। इससे वह काफी समय से उनके साथ ही रह रहे थे।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम रोज की तरह घर से गांव में टहलने के लिए निकले थे। इसके बाद से वह घर नहीं लौटे। हर संभावित स्थान पर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस पर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे।
वहीं, गुरुवार की सुबह गांव के बाहर स्थित सूखे कुएं में उनका शव मिलने की जानकारी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और रमेश के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दमकल कर्मियों को बुलाकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
राजपुर थानाध्यक्ष देव नरायन द्विवेदी ने बताया कि रमेश चंद्र की बेटी सुमन देवी ने बताया कि उसके पिता मानसिक तनाव में रहते थे। इसके चलते उन्होंने कुएं में कूदकर जान दे दी। पोस्टमार्टम में बुजुर्ग की शॉक इन हेमरेज से मौत होने की बात सामने आई है।