Kanpur Dehat: मध्यप्रदेश में नर्मदा नदी में डूबकर व्यापारी की मौत, पुलिस ने लावारिस में कर दिया अंतिम संस्कार
2 अप्रैल को मध्यप्रदेश के मांधाता थाना क्षेत्र के ओमकारेश्वर मंदिर के पास नर्मदा नदी में कुलदीप बाजपेई की डूबकर मौत हो गई। कुलदीप का अंतिम संस्कार अज्ञात के रूप में संबंधित थाना पुलिस ने कर दिया।
विस्तार
कानपुर देहात के रसूलाबाद कस्बे में तीन अप्रैल को महाकालेश्वर मंदिर गए व्यापारी की ओंकारेश्वर मंदिर के पास नर्मदा नदी में स्नान करते समय डूबकर मौत हो गई। मध्यप्रदेश की मांधाता थाना पुलिस ने शिनाख्त न होने के चलते शव का लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया।
इसके बाद में फोटो से व्यापारी की पहचान हो सकी। आजाद नगर निवासी इलेक्ट्रानिक्स व्यापारी बृजेश उर्फ कुलदीप बाजपेई (52) तीन अप्रैल को महाकालेश्वर मंदिर दर्शन के लिए उज्जैन गए थे। नौ अप्रैल तक उनका अपने परिवार से मोबाइल पर संपर्क बना रहा।
इसके बाद संपर्क टूटने से घरवाले परेशान हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी करने का प्रयास किया। शुक्रवार को भाई पंकज बाजपेई ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद उन्हें नर्मदा नदी के हादसे की जानकारी हो सकी।
उन्हें पता चला कि 12 अप्रैल को मध्यप्रदेश के मांधाता थाना क्षेत्र के ओमकारेश्वर मंदिर के पास नर्मदा नदी में कुलदीप बाजपेई की डूबकर मौत हो गई। कुलदीप का अंतिम संस्कार अज्ञात के रूप में संबंधित थाना पुलिस ने कर दिया।
शुक्रवार को परिवार के लोग खबर पाकर मांधाता थाने पहुंचे और फोटो से कुलदीप की पहचान की। घटना के बाद से कुलदीप की मौत पर मां मालती बाजपेई, पत्नी सुमन देवी, बेटा नवनीत उर्फ राजा, बेटी अपूर्वा, भाई पंकज का रो-रोकर बुरा हाल है।