Kanpur Dehat: ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव, ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर है शक
चौकीदार की सूचना पर एएसपी राजेश पांडेय, सीओ शिवा ठाकुर और डेरापुर थाना प्रभारी विजय सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पास खड़े आटो में एक मोबाइल नंबर की पर्ची मिली।
विस्तार
कानपुर देहात के सिकंदरा कस्बे से सवारियों को राजपुर ब्लॉक के कांधी गांव में छोड़ने जाने की बात कहकर बुधवार को निकले ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। गुरुवार को उसका शव डेरापुर क्षेत्र के बीबापुर गांव के पास सड़क के किनारे खून से लथपथ हालत में मिला।
उसके पास ही उसका ऑटो भी खड़ा था। सूचना पर एएसपी और सीओ मौके पर पहुंचे और जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में ससुराल पक्ष के कुछ लोग शक के दायरे में हैं। सिकंदरा कस्बा के शास्त्री नगर निवासी सोहित जोशी (32) ऑटो चलाकर परिवार का पेट पालता था।
वह बुधवार की शाम सवारियों को लेकर कांधी गांव जाने के लिए निकला था। इसके बाद घर नहीं पहुंचा। परिवार के लोगों ने हर संभावित स्थान पर उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस पर सोहित की पत्नी प्रतिमा ने उसके चाचा मुकेश को जानकारी दी।
धारदार हथियार से गला रेता
मुकेश ने भी भतीजे की खोज की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। वहीं, गुरुवार की सुबह करीब 7:30 बजे डेरापुर के बीबापुर गांव में सड़क के किनारे कुछ लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। धारदार हथियार से उसका गला रेता गया था। इसकी सूचना गांव के चौकीदार पप्पू कठेरिया को दी।
फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए
चौकीदार की सूचना पर एएसपी राजेश पांडेय, सीओ शिवा ठाकुर और डेरापुर थाना प्रभारी विजय सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पास खड़े आटो में एक मोबाइल नंबर की पर्ची मिली। इस नंबर पर पुलिस ने फोन किया, तो वह सोहित के फुफेरे भाई मोहन जोशी का निकला। पुलिस ने मोहन को घटना की जानकारी दी।
ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर शक की सुई
इसके बाद मोहन, सोहित की पत्नी प्रतिमा व परिवार के कई लोग मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिमा और परिवार के कई लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई हत्या का कारण नहीं बता सका। सूत्रों की मानें तो पुलिस की प्रारंभिक जांच में सोहित की हत्या में उसकी ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर शक की सुई टिकी है। पुलिस उन लोगों से जल्द पूछताछ कर सकती है।