Kanpur Dehat Accident: कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मुआवजे की मांग पर लगाया जाम, घंटों बाधित रहा मार्ग
Kanpur Dehat News: शिवली में रामगंगा नहर मार्ग पर कार की टक्कर से 55 वर्षीय बउवन सेंगर की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिसे अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुलवाया गया।
विस्तार
कानपुर देहात में शिवली थाना क्षेत्र के रामगंगा नहर मार्ग पर चमतपुर-बराखेड़ा गांव के सामने बुधवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर करीब मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त हुआ।
चमतपुर गांव निवासी बउवन सेंगर (55) पुत्र बलवंत सिंह बुधवार को बाइक से किसाननगर की ओर जा रहे थे। परिजनों के अनुसार गांव से निकलकर रामगंगा नहर मार्ग पर पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
जाम के कारण मार्ग पर आवागमन बाधित
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। जाम के कारण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना पर उपजिलाधिकारी मैथा श्याम नारायण शुक्ला, क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद आलोक कुमार और थाना प्रभारी शिवली अमरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परिजनों को समझाया और शासन स्तर से अधिकतम आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पंचनामा की कार्रवाई के लिए राजी हो गए और जाम समाप्त कर दिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।