Kanpur Dehat Accident: टकराने के बाद वैन पर पलटा डंपर, कोहरे के चलते हुआ हादसा, आठ घायल…अस्पताल में भर्ती
Kanpur Dehat News: भोगनीपुर-सिकंदरा मुगल रोड पर डंपर ने वैन को टक्कर मार दी। इससे वैन खंदी में उतर गई और उसके ऊपर डंपर का केबिन पलट गया। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
विस्तार
कानपुर देहात में भोगनीपुर-सिकंदरा मुगल रोड पर इटखुदा के पास रविवार सुबह कोहरे के चलते डंपर और वैन में भिडंत हो गई। अनियंत्रित होकर खंदी में गिरी वैन पर डंपर का केबिन पलट गया। इससे वैन व डंपर सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर आठों घायलों को बाहर निकाला और पीएचसी राजपुर में भर्ती करवाया है।
भोगनीपुर थाना क्षेत्र के करियापुर निवासी आकाश ने बताया कि शनिवार को उसके इटावा निवासी मामा देवेंद्र शर्मा की बेटी अन्नू की शादी थी। इसमें वह भाई विकास (18), मनी (19), विनय (25), रिश्तेदार धीरेंद्र निवासी इमलिया थाना मुसकरा हमीरपुर के साथ दौलतपुर निवासी शालू की वैन किराए पर लेकर गए थे। रविवार तड़के विदाई के बाद वह लोग वैन से घर लौट रहे थे।
अनियंत्रित होकर खंदी में उतर गई थी वैन
मुगल रोड पर इटखुदा के पास कोहरे के चलते सामने आ रहे डंपर ने उनकी वैन में टक्कर मार दी। इससे वैन अनियंत्रित होकर खंदी में उतर गई। साथ ही, डंपर का केबिन वैन के अगले हिस्से पर पलट गया। इससे वैन व डंपर सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालने के प्रयास के साथ घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन घंटे रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को पीएचसी राजपुर पहुंचाया है।