Kanpur: गंगा में नहाते समय डूबे दो दोस्तों में एक का शव मिला, दूसरे की पुलिस कर रही तलाश
गंगा नहाने गए दो दोस्त पानी में डूब गए। एक का शव उतराता मिला है। वहीं दूसरे की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
शुक्लागंज में गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के आनंद घाट के पास शनिवार की शाम गंगा नहाने गए दो दोस्त लापता हो गए थे। बाद में पता चला कि दोनों गंगा में नहाते समय डूब गए थे। रविवार को एक का शव कटरी के बहादुर बगिया के पास गंगा में उतराता मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाने के बाद परिजनों को जानकारी दी। दूसरे डूबे दोस्त का अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस का कहना है कि दूसरे डूबे किशोर की तलाश कराई जा रही है। मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी शहंशाह ने बताया कि उनका बेटा रेहान (12) शनिवार की शाम इंद्रानगर में रहने वाले अर्शलान के साथ गंगा नहाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर गंगा नदी के किनारे व आसपास के क्षेत्र में तलाश किया गया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। रविवार को परिवार के लोग डूबे किशोरों को तलाशते हुए महाराजपुर के ड्योढ़ी घाट तक पहुंच गए, वहां भी कुछ पता नहीं चला।
रविवार की दोपहर पुलिस से सूचना मिली कि रेहान का शव कटरी में बहादुर बगिया के पास गंगा में उतराता मिला। पिता ने बताया कि रेहान तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। नगर के एक प्राइवेट स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था। उधर, कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि दूसरे डूबे किशोर अर्शलान का अभी पता नहीं चला है। उसकी तलाश कराई जा रही है। वहीं, अर्शलान के पिता ने बताया कि महाराजपुर तक बेटे की तलाश करवा चुके है, लेकिन सफलता नहीं मिली है।