Kanpur: नया एसी या ब्याज सहित देनी होगी रकम, उपभोक्ता आयोग ने कंपनी को दिए निर्देश, ये था पूरा मामला
Kanpur News: उपभोक्ता आयोग ने डेकिन कंपनी को खराब एसी के बदले नया एसी देने या 35,500 रुपये ब्याज सहित लौटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, कंपनी को उपभोक्ता को 30,000 रुपये का अतिरिक्त हर्जाना भी देना होगा।
विस्तार
कानपुर में खराब एयर कंडीशनर के बदले नया देने या उसकी कीमत 35,500 रुपये परिवाद दाखिल करने की तारीख से भुगतान की तारीख तक आठ प्रतिशत ब्याज के साथ लौटाने के निर्देश उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष विनोद कुमार ने कंपनी को दिए हैं। साथ ही, 30 हजार रुपये क्षतिपूर्ति भी देनी होगी।
कल्याणपुर की रहने वाली स्मृति सिंह ने 80 फीट रोड स्थित एजी मार्केटिंग से डेकिन कंपनी का एयर कंडीशनर 11 अप्रैल 2017 को 35,500 रुपये में खरीदा था। एक साल की वारंटी थी, लेकिन कुछ महीनों में ही वह खराब हो गया। सर्विस सेंटर में शिकायत करने पर कर्मचारी आए और इनर-आउटर व रिमोट ले गए।
उपभोक्ता आयोग में परिवाद दर्ज कराया था
कई बार फोन करने के बाद भी एसी ठीक करके नहीं दिया। पूरी गर्मी स्मृति को परेशान रहना पड़ा। इसके बाद 16 अगस्त 2018 को स्मृति ने उपभोक्ता आयोग में दिल्ली की मेसर्स डेकिन एयर कंडीशनिंग इंडिया प्रा.लि., कानपुर स्थित सर्विस सेंटर शिवा इंटरप्राइजेज, कंपनी के लखनऊ स्थित सर्विस सेंटर व एजी मार्केटिंग शोरूम के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया था।