Kanpur News: हाईटेक होगी शहर की बिजली वितरण व्यवस्था, एडवांस डिस्ट्रिब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम बनकर तैयार
शहर में बिजली वितरण प्रबंधन अब बेहतर और स्मार्ट तरीके से किया जा सकेगा। दरअसल, प्रदेश का पहला एडवांस डिस्ट्रिब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम यानि एडीएमएस बनकर तैयार है। ये जानकारी मंडलायुक्त ने केस्को स्कॉडा सेंटर का निरीक्षण कर दी।
विस्तार
कानपुर शहर के बिजली वितरण क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की प्रथम उच्च तकनीकी व्यवस्था स्काडा एडम्स (एडवांस डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम) के क्रियान्वयन की जानकारी लेने बुधवार को मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने केसा कॉलोनी स्थित सेंटर का निरीक्षण किया।
आयुक्त ने बताया कि यह प्रदेश की बिजली परिचालन ऑटोमेशन की पहली परियोजना है। इससे बिजली वितरण व्यवस्था हाईटेक होगी। इससे वोल्टेज में उतार-चढ़ाव को रोका जा सकेगा। इसके अलावा जीआईएस एकीकरण का उपयोग कर प्रणाली को बेहतर बनाया जा सकेगा।
परियोजना का 95 प्रतिशत कार्य पूरा
इस परियोजना की लागत करीब 64 करोड़ रुपये है। 44 करोड़ स्मार्ट सिटी की ओर से और 20 करोड़ केस्को की ओर से दिए गए हैं। विद्युत स्काडा परियोजना के कार्यान्वयन के लिए आईआईटी कानपुर को मुख्य सलाहकार बनाया गया है। परियोजना का अभी तक 95 प्रतिशत कार्य हो चुका है।
आयुक्त ने बताया तक 24 जनवरी को इसके कार्यों की समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण के दौरान केस्को प्रबन्ध निदेशक, केस्को अनिल ढींगरा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि वोल्टेज में उतर चढ़ाव और रिर्वस पॉवर फ्लो खत्म करने और बिजली आपूर्ति में सुधार करने में योजना की प्रमुख भूमिका होगी।
बिजली की प्रस्तावित मूल्यवृद्धि पर भड़के व्यापारी
वहीं, प्रदेश सरकार की ओर से सभी श्रेणी की बिजली दरों में प्रस्तावित 15 प्रतिशत की वृद्धि के खिलाफ उत्तर प्रदेश प्रांतीय व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने केस्को मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर प्रस्ताव को वापस लेने की बात कही।
साथ ही, चुनाव पूर्व में किए गए वादे के अनुसार बिजली की दरें आधी करने की मांग की। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में पहले ही बिजली महंगी है। प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि बिजली महंगी होने से महंगाई और भड़केगी।
जिलाध्यक्ष मनोज चौरसिया ने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली भाजपा नारे के उलट काम कर रही है। उपभोक्ताओं को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। इस मौके पर अमित चड्ढा, नरेंद्र कठेरिया, राम यादव गुड्डू, छोटे अली आदि मौजूद रहे।