Kanpur : पुरवामीर में दो जगहों पर मिला क्रोमियम युक्त जहरीला कचरा, PCB टीम ने सैंपल लिए; इलाके में दहशत
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में क्रोमियम युक्त खतरनाक कचरा मिलने के मामले में बुधवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी), प्रयागराज की चार सदस्यीय टीम ने मौके का निरीक्षण किया। टीम को दो अलग-अलग स्थानों पर केमिकल युक्त कचरा मिला, जिसके नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
विस्तार
पुरवामीर गांव के पास एनएचएआई हाईवे किनारे दो अलग-अलग स्थानों पर भारी मात्रा में क्रोमियम युक्त खतरनाक रासायनिक कचरा फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, प्रयागराज की चार सदस्यीय उच्चस्तरीय टीम जांच-पड़ताल के लिए मौके पर पहुंची।
टीम ने छिवली नदी के पास स्थित खाली जमीन से केमिकल के नमूने एकत्र किए और फोटो-वीडियोग्राफी कराकर साक्ष्य जुटाए। गांव में खतरनाक रसायन फेंके जाने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है और उन्होंने कचरे को तुरंत हटवाने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
औंग की केमिकल फैक्टरियों पर गहराया शक
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम में शामिल सहायक वैज्ञानिक रज्जन त्रिपाठी और अवर अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि पुरवामीर में छिवली नदी के समीप जयनारायण गुप्ता की खाली पड़ी जमीन पर भारी मात्रा में क्रोमियम सल्फेट युक्त जहरीला कचरा डंप पाया गया है।
यह केमिकल मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए बेहद खतरनाक है। शुरुआती जांच में फतेहपुर जिले के औंग औद्योगिक क्षेत्र में संचालित क्रोमियम सल्फेट बनाने वाली केमिकल फैक्टरियों पर कचरा फेंकने की गहरी आशंका जताई जा रही है। टीम ने औंग क्षेत्र की फैक्टरियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है, हालांकि निरीक्षण के दौरान सभी फैक्टरियां बंद पाई गईं।
तिरपाल से ढककर मलबा लाने की आशंका
दूसरी ओर, महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम ने जहरीला कचरा फेंकने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुरवामीर चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर मलबा डाला गया है, उसके आसपास लगभग 05 किलोमीटर के दायरे में कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है।
पास स्थित एक ढाबे का कैमरा भी केवल अंदरूनी हिस्से को कवर करता है। रात के समय हाईवे पर वाहनों की भारी आवाजाही होने के कारण पुलिस को आशंका है कि आरोपी मलबे को किसी ट्रक या बड़े वाहन में तिरपाल से ढककर लाए थे और सुनसान मौका देखकर हाईवे किनारे डंप कर फरार हो गए।
क्षेत्रीय अधिकारी बोले- होगी सख्त कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए यूपी पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अजीत सुमन ने बताया कि मौके से एकत्र किए गए रासायनिक नमूनों को तत्काल लैब टेस्ट के लिए भेज दिया गया है, जिसकी विस्तृत जांच रिपोर्ट 24 जुलाई 2026 तक आ जाएगी।
लैब रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पूरी स्थिति से कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और यूपी पीसीबी प्रयागराज के क्षेत्रीय अधिकारी विजय कुमार को अवगत करा दिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर संदिग्ध वाहनों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।