Kanpur: छात्रों को गैस की किल्लत से मिली मुक्ति; अब ID दिखाते ही मिलेगा छाेटू सिलिंडर, ये है 2kg और 5kg के दाम
Kanpur News: कानपुर में छात्रों को अब आधार या कोचिंग आईडी पर दो और पांच किलो के मिनी गैस सिलिंडर का कनेक्शन तुरंत मिलेगा। इससे उन्हें कालाबाजारी से मिल रही महंगी गैस से छुटकारा मिलेगा।
विस्तार
कानपुर शहर में गैस की किल्लत से परेशान छात्रों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने गैस एजेंसियों को मिनी एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। दूर-दराज से आकर पढ़ाई कर रहे छात्रों को इसका विशेष रूप से लाभ मिलेगा। पहले छात्रों को कालाबाजारी से 300 रुपये प्रति किलो तक महंगी गैस खरीदनी पड़ती थी। इससे उनका मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ जाता था।
कई छात्र, तो घर लाैटने लगे थे। गुरुदेव चौराहा स्थित एचपी गैस एजेंसी के मालिक अखिलेश कुमार ने बताया कि अब छात्रों को पांच किलो और दो किलो के मिनी सिलिंडर का कनेक्शन तुरंत मिलेगा। छात्र किसी भी वैध पहचान पत्र से कनेक्शन ले सकते हैं। आधार कार्ड, कोचिंग आईडी या नौकरी का पहचान पत्र इसमें मान्य होगा।
छात्रों को लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी
पांच किलो सिलिंडर कनेक्शन के लिए 1442 रुपये और दो किलो सिलिंडर के लिए 900 रुपये की दर तय की गई है। ये दरें सरकार की ओर से निर्धारित हैं। गैस खत्म होने पर तुरंत रिफिल की सुविधा भी उपलब्ध है। वर्तमान में पांच किलो सिलिंडर का रिफिल करीब 560 रुपये में मिल रहा है। दो किलो का रिफिल करीब 260 रुपये के बीच उपलब्ध है। इस व्यवस्था से छात्रों को लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी।