कानपुर: रूपम चौराहे पर हंगामा और बवाल, हिस्ट्रीशीटर और कैफे संचालक भिड़े, जमकर गालीगलौज और मारपीट, जांच शुरू
Kanpur News: चमनगंज थाना क्षेत्र स्थित रूपम चौराहे पर बृहस्पतिवार देर रात ऐबी कैफे के पास कैफे संचालक और एक हिस्ट्रीशीटर के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष आपस में भिड़ते और गालीगलौज करते रहे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
विस्तार
कानपुर में चमनगंज थाना क्षेत्र के रूपम चौराहे पर बृहस्पतिवार देर रात ऐबी कैफे के पास हिस्ट्रीशीटर और कैफे संचालक समेत दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्ष बीच सड़क एक-दूसरे से भिड़ते रहे और गालीगलौज करते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी काफी देर तक हंगामा और मारपीट होती रही।
घटना का वीडियो शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया गया कि रूपम चौराहा स्थित ऐबी कैफे के पास देर रात किसी बात को लेकर कैफे संचालक इमरान और क्षेत्र निवासी हिस्ट्रीशीटर लारेब के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि लारेब के साथ करीब आधा दर्जन लोग थे। कहासुनी के बाद मामला गालीगलौज और मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस के सामने ही गालीगलौज और हाथापाई
चौराहे पर बीच सड़क मारपीट होने से आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। हंगामे की सूचना पर चमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों ओर से लोग एक-दूसरे से भिड़ते रहे। पुलिसकर्मियों के सामने ही गालीगलौज और हाथापाई होती रही। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। इस दौरान चौराहे पर लोगों की भीड़ जुट गई।
वीडियो के आधार पर लोगों की होगी शिनाख्त
वीडियो में चौराहे पर कई लोग आपस में मारपीट और गालीगलौज करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि] वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। पुलिस वीडियो के आधार पर बवाल में शामिल लोगों की पहचान करने की बात कह रही है। चमनगंज पुलिस के मुताबिक, वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।