Kanpur: एक घंटे में दो लूट की वारदात, बर्रा में सैन्यकर्मी की पत्नी...तो गुजैनी में सपा नेता की मां बनीं शिकार
Kanpur News: लुटेरों ने साउथ जोन में दो लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। बर्रा में सैन्यकर्मी की पत्नी तो गुजैनी में सपा नेता की मां शिकार बनीं हैं। एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। लुटेरों की फुटेज के जरिये गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
कानपुर के साउथ जोन में बुधवार को बाइक सवार लुटेरों ने एक घंटे के अंदर दो चेन लूट की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की मुस्तैदी की पोल खोल दी। बर्रा में सैन्यकर्मी की पत्नी तो गुजैनी में सपा नेता की मां लुटेरों की शिकार बनीं। दूसरी तरफ हर बार की तरह देरी से सक्रिय हुई पुलिस सिर्फ लकीर पीटती रही और लुटेरे फरार हो गए।
बर्रा के जरौली फेज एक निवासी रामजी यादव सेना में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी देववती बुधवार सुबह करीब 11 बजे बेटी के साथ डॉक्टर के पास गई थी। आधे घंटे बाद वहां से लौटते समय घर से कुछ दूर पहले ही बाइक सवार दो लुटेरों ने पीछे से झपट्टा मारकर गले से चेन लूट ली। इसके बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए।
चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई वारदात
तात्या टोपेनगर चौकी से चंद कदम की दूरी पर सपा नेता सपा नेता इंद्रजीत यादव की मां जयदेवी के गले से पड़ी चेन भी लूट ली। यहां भी लुटेरे पुलिस की उदासीनता के चलते आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इंद्रजीत ने बताया कि घर में पुताई का काम चल रहा था। मां तात्याटोपेनगर चौराहे पर स्थित दुकान पर सीढ़ी किराये पर लेने की बात करने गई थी।
लुटेरों की फुटेज के जरिये गिरफ्तारी के निर्देश
लौटते समय लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। दो वारदातों के बाद एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। लुटेरों की फुटेज के जरिये गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। हालांकि, देर रात तक बर्रा व गुजैनी पुलिस खाली हाथ रही।