Kanpur: बस ने बाइक सवार भाइयों को कुचला, एक की मौत, 50 मीटर तक घिसटती चली गई बाइक
यूपी में भीषण सड़क हादसा हुआ। टूरिस्ट बस ने बाइक सवार भाइयों को कुचल दिया। हादसे में एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
इलाके के ग्राम खैरा कटरी निवासी अजीत कुमार (32) अपने बड़े भाई कामता प्रसाद के साथ बाइक से डीपीएस आजादनगर में गार्ड की नाइट ड्यूटी करने के लिए निकले थे। मैनावती मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार टूरिस्ट बस (यशी लॉजिस्टिक) ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बस के नीचे फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसके बाद भी चालक ने बस नहीं रोकी। करीब 50 मीटर तक बाइक बस के नीचे फंसकर घिसटती चली गई। बस के पहिये के नीचे आए अजीत की मौके पर ही मौत हो गई। कामता बुरी तरह से लहूलुहान हो गए।
भीड़ के शोर मचाने पर चालक ने बस रोकी और कूदकर भाग निकला। भीड़ ने बस में तोड़फोड़ कर आगजनी का प्रयास किया। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि वाहनों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
चार माह पूर्व हुई थी शादी
अजीत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़े भाई कमलेश ने बताया कि अजीत की चार माह पूर्व ही शिवानी से शादी हुई थी। कामता डीपीएस में गार्ड की नौकरी करते थे। उन्होंने अजीत की भी वहीं पर गार्ड की नौकरी लगवा ली थी। मंगलवार को अजीत का काम पर पहला दिन था। दोनों साथ में ही निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया। मौत की खबर से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।