Kanpur: स्कूल से लौट रहे पांचवीं के छात्र के अपहरण की कोशिश, वैन रुकते ही कूदकर भागा…CCTV खंगाल रही पुलिस
Kanpur News: साकेत नगर में पांचवीं कक्षा के छात्र को बुधवार दोपहर स्कूल से लौटते समय वैन सवार दो लोगों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण करने की कोशिश की। आरोपी जब सिगरेट लेने रुके, तो छात्र मौका पाकर वैन से कूदकर भागा और दुकानदार की मदद से परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
विस्तार
कानपुर में गोविंद नगर डीबीएस कॉलेज के पास कच्ची बस्ती में रहने वाले ट्रक चालक जितेंद्र सिंह का बेटा कुनाल सिंह (12) साकेत नगर स्थित चिल्ड्रन पैराडाइज स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। कुनाल का बुधवार दोपहर स्कूल से घर जाते समय वैन सवार दो लोगों ने अपहरण की कोशिश की। वैन सवारों ने पैदल जा रहे बच्चे को पता पूछने के बहाने पास बुलाया और रुमाल में नशीला पदार्थ लगाकर सूंघा दिया।
इससे वह बेसुध हो गया। आरोपियों ने उसे उठाकर गाड़ी में डाल लिया। वह लोग उसे लेकर साकेत नगर दीप सिनेमा की ओर भागे। रास्ते में एक दुकान पर सिगरेट लेने के लिए गाड़ी रोकी और दोनों आरोपी उतरे। इस बीच मौका पाकर बच्चे ने गाड़ी का दरवाजा खोला और उतरकर भाग निकला। वह भागकर परचून के दुकानदार अमित सिंह से मदद मांगी। अमित ने उसकी मां और पुलिस को सूचना दी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इसके बाद परिजन पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस बच्चे को साथ लेकर उसके बताए गए रूट पर ले जाकर कैमरे खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है। मां उर्मिला और बड़ी बहन आंचल ने बताया कि रोजाना छुट्टी होने के बाद भाई पैदल ही घर जाता है। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगाई गई है।