Kanpur Accident: हाईवे पर लोडर ने स्कूटी सवार को रौंदा, युवक की मौत…चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक तेज रफ्तार लोडर ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, लोडर चालक मौके से फरार हो गया।
विस्तार
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर स्थित रूमा के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज जाने वाली लेन पर एक तेज रफ्तार लोडर ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान चंदन सिंह (35) पुत्र कृष्ण मदन सिंह, निवासी जिला अयोध्या के रूप में हुई है। प्रत्याक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार लोडर ने प्रयागराज जाने वाली लेन पर स्कूटी को टक्कर मारी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंदन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
फरार लोडर चालक की तलाश
हादसे के तुरंत बाद लोडर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों वाहनों को मौके से हटवाकर थाने पर खड़ा करा दिया है, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से चालू हो गया है। पुलिस फरार लोडर चालक की तलाश कर रही है।