Kanpur: बिल्हौर में बड़ा हादसा, सिंघाड़ा तोड़ते समय नाव पलटने से चार बच्चे डूबे, एक की मौत…एक हैलट रेफर
Kanpur News: बिल्हौर के भड़िया सुजावलपुर गांव में तालाब में नाव पलटने से सिंघाड़ा तोड़ रहे चार बच्चे डूब गए। एक बच्चे की मौत हो गई है, जबकि एक बच्ची को गंभीर हालत में हैलट रेफर किया गया है।
विस्तार
कानपुर में बिल्हौर थाना क्षेत्र के भड़िया सुजावलपुर गांव में मंगलवार सुबह तालाब से सिंघाड़ा तोड़ते समय नाव पलटने से चार बच्चे डूब गए। ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को तालाब से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह गांव के बाहर स्थित तालाब में सिंघाड़ा निकालने गए चार बच्चे नाव पलटने के कारण डूब गए। कन्हैया पुत्र सोनू, (12) गंभीर अवस्था में अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बच्ची गंभीर हालत में हैलट रेफर
वहीं, तान्या पुत्री श्याम बाबू (14):गंभीर रूप से घायल, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी शिवराजपुर से हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। मन्नो (12) और कृष्णा (9) पुत्रगण श्याम बाबू सकुशल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।