Kanpur Accident: पिकअप से कुचलकर बच्चे की मौत, प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, नशे में धुत था चालक…जांच शुरू
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान नशे में धुत पिकअप चालक ने मासूम को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। 15 लाख मुआवजे का वादा पूरा न होने पर शुक्रवार को पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर दी है।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पिकअप से कुचलकर आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पहले 15 लाख रुपये मुआवजा देने की बात पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शुक्रवार को जब मुआवजे के लिए संपर्क किया गया तो दूसरे पक्ष के मुकर जाने पर पुलिस को तहरीर दी गई। गांव निवासी पिता विकास के अनुसार बड़ागांव में नवरात्र के अंतिम दिन बुधवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान लोग डीजे साउंड पर नाच रहे थे।
बेटा विराट भी शामिल था। घर से कुछ दूरी पर यात्रा में शामिल नशे में धुत पिकअप चालक ने विराट पर पहिया चढ़ा दिया। उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता के अनुसार पहले समिति और गांव के कुछ रसूखदारों ने बीच में पड़कर मुआवजा दिलाने की बात कही। महाराजपुर इंस्पेक्टर संजय पांडेय के अनुसार तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
नशे में धुत चालक ने दो बार चढ़ाया पिकअप
विराट के बाबा मुन्नालाल ने तहरीर में बताया कि यात्रा में सैकड़ों लोग मौजूद थे। बताया बच्चा पिकअप के पहिये के नीचे आने पर कई लोगों ने वाहन को आगे बढ़ाने के लिए कहा। वहीं, नशे में धुत लोगों ने पहिये के नीचे ईंट फंसी होने की बात कही तो चालक ने पिकअप को बैक करके उसके ऊपर दोबारा चढ़ा दिया।
मजदूरी करने गया था पिता
पिता विकास ने बताया कि हादसे के वक्त वह मजदूरी करने गया था। तभी छोटे भाई ने हादसे की सूचना दी। विराट इकलौता बेटा था। एक बेटी पवित्रा तीन वर्ष की है।