Kanpur Accident: उल्टी दिशा से आ रही थी कार, साइकिल व मोपेड को मारी टक्कर, एक की मौत और एक घायल
Kanpur News: दुबियाना गांव के पास जीटी रोड हाईवे के सर्विस लेन पर भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें तेज रफ्तार कार ने साइकिल और मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया।
विस्तार
कानपुर के शिवराजपुर में दुबियाना गांव के पास जीटी रोड हाईवे (एनएच-34) के सर्विस लेन पर रविवार की शाम उल्टी दिशा से तेज रफ्तार से आ रही कार ने साइकिल व मोपेड सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। मोपेड सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। टक्कर मारने के बाद कार सवार कार मौके पर छोड़कर भाग गए।
साइकिल सवार साधु रामनारायण (52) निवासी औरोंताहरपुर ककवन और मोपेड सवार बुजुर्ग बुद्ध लाल निवासी सती प्रसाद नगर शिवराजपुर रविवार की शाम लगभग चार बजे बिल्हौर की ओर जा रहे थे। दुबियाना गांव के पास जीटी रोड हाईवे के सर्विस लेन पर उल्टी दिशा से तेज रफ्तार से आ रही कार ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार सवारों की तलाश में जुटी पुलिस
राहगीरों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को शिवराजपुर सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने साधू रामनारायण को मृत घोषित कर दिया। बुद्धलाल का इलाज हो रहा है। उधर, कार्यवाहक थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि कार उल्टी दिशा से आ रही थी। सवार कार मौके पर छोड़कर भाग गए हैं। कार को कब्जे में लेकर सवारों की तलाश कराई जा रही है। रामनारायण के परिजनों को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।