Kanpur Accident: स्टेपनी बदलते समय कार ने मैजिक में मारी टक्कर, दो की मौत और चालक गंभीर रूप से घायल
Kanpur News: थाना प्रभारी प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि स्टेपनी बदलने के दौरान हादसा हुआ है। कार को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में चकेरी के कोयलानगर फ्लाई ओवर पर शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार कार ने स्टेपनी बदलने के दौरान पीछे से मैजिक में टक्कर मार दी। हादसे में मैजिक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, कार सवार दो लोगों को भी चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजकर मृतक के परिजनों को सूचना दी।
बर्रा पांच निवासी राहुल श्रीवास्तव मैजिक चालक हैं। राहुल ने बताया कि शुक्रवार की शाम वह मैजिक में कबाड़ लादकर उन्नाव के गहरा से पनकी जा रहे थे। मैजिक में बर्रा छह निवासी श्रीओम पांडेय (30) और बर्रा आठ निवासी नत्थू (42) सवार थे। राहुल ने बताया कि कोयलानगर फ्लाई ओवर पर चौधरी ढाबे के पास मैजिक का पिछला टायर पंक्चर हो गया। इस पर राहुल व श्रीओम और नत्थू स्टेपनी बदलने लगे।
तेज रफ्तार कार ने मैजिक में मार दी टक्कर
इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने मैजिक में टक्कर मार दी। हादसे में नत्थू की मौके पर मौत हो गई, जबकि राहुल और श्रीओम घायल हो गए। वहीं, कार सवार दो लोग भी घायल हो गए। हादसे के बाद फ्लाई ओवर पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कांशीराम अस्पताल उपचार के लिए भेजा और यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने कार को कब्जे में लिया
कांशीराम से श्रीओम को गंभीर हालत में हैलट रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उधर कार सवार भी उपचार कराकर मौके से चले गए। थाना प्रभारी प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि स्टेपनी बदलने के दौरान हादसा हुआ है। कार को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।