Kanpur: एसीपी ऑफिस से 50 कदम पर बेखौफ चोर, तीन दुकानों की दीवारें तोड़कर नकदी-माल पार, व्यापारियों में आक्रोश
Kanpur News: कलक्टरगंज एसीपी कार्यालय के पास नयागंज में चोरों ने तीन दुकानों की दीवार तोड़कर 50 हजार की नकदी और माल पार कर दिया। घटना से नाराज व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
विस्तार
कानपुर में बेखौफ चोरों ने कलक्टरगंज एसीपी ऑफिस से महज 50 कदम की दूरी पर शक्करपट्टी नयागंज स्थित तीन दुकानों में मंगलवार देर रात दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। तीन दुकानों के मालिक राजेश गुप्ता, अंशुल गुप्ता व रोहित जैन और उनके कर्मचारी बुधवार सुबह जब दुकान पहुंचे।
जब दुकान खोली तो पाया कि दुकान के अंदर सेंधमारी करते हुए दीवार तोड़कर चोरों ने घुसकर माल व गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली है। घटना की सूचना पर भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता समेत दर्जनों व्यापारी पर पहुंचे और आक्रोश जाहिर किया। व्यापारियों ने घटनास्थल से ही फोन मिलाकर तत्काल व्यापारियों के साथ हुई घटना की एफआईआर पंजीकृत करने के लिए कहा।
लगभग 50 हजार नकदी और दो गत्ता काजू की चोरी
व्यापारियों ने कहा कि होली के त्योहार के मौसम में भरे बाजार इस प्रकार की चोरी की घटना से व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। प्रभारी निरीक्षक कलक्टरगंज विनय तिवारी ने व्यापारियों के साथ हुई घटना पर तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुई दुकानों से लगभग 50 हजार नकदी और दो गत्ता काजू की चोरी व्यापारियों द्वारा बताई गई है।