कानपुर: 45 हजार कार्डधारक नहीं ले रहे राशन, निरस्त हो सकते हैं कार्ड, पोर्टेबिलिटी का ब्योरा खंगाल रहा विभाग
Kanpur News: कानपुर जिले में राशन न उठाने वाले 45 हजार कार्डधारकों के राशन कार्ड निरस्त हो सकते हैं। बायोमीट्रिक व्यवस्था लागू होने के बावजूद ये कार्डधारक कई महीनों से कोटेदारों से अनाज नहीं ले रहे हैं, जबकि इनके नाम पर हर महीने अनाज का आवंटन जारी है।
विस्तार
कानपुर जिले में करीब 45 हजार कार्डधारक कई महीनों से राशन नहीं उठा रहे हैं। इसके बावजूद इन कार्डों पर हर माह अनाज का आवंटन होता है। लगातार राशन न उठाने वाले कार्ड निरस्त हो सकते हैं। जिले में कुल 8,07,612 राशन कार्ड हैं। इनमें 63 हजार अंत्योदय और 7,44,204 पात्र गृहस्थी कार्ड हैं।
विभाग के अनुसार करीब 45 हजार कार्डधारक राशन लेने कोटेदार के यहां नहीं पहुंच रहे हैं। ये स्थिति तब है जब सभी राशन कार्डधारकों को बायोमीट्रिक करा दिया है। विभागीय व्यवस्था में पात्र कार्डधारकों के नाम पर हर महीने अनाज का आवंटन होता है।
दूसरे जिले से राशन ले रहे हैं लाभार्थी
जिले में गेहूं और चावल मिलाकर करीब दो लाख क्विंटल अनाज प्रतिमाह आवंटित होता है। जिला पूर्ति विभाग के पास फिलहाल इसका स्पष्ट आंकड़ा ही नहीं है कि इन 45 हजार में कितने लाभार्थी पोर्टबिलिटी के जरिये दूसरे जिले से राशन ले रहे हैं।
पांच किलो प्रति यूनिट का है नियम
अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड हर माह 35 किलोग्राम गेहूं-चावल मिलता है। वहीं, पात्र गृहस्थी कार्ड में परिवार के प्रत्येक सदस्य यानी यूनिट के आधार पर प्रति यूनिट पांच किलोग्राम अनाज दिया जाता है।
जिले में करीब 45 हजार ऐसे कार्डधारक हैं जो राशन नहीं ले रहे हैं। हालांकि दूसरे जनपदों में रहने वालों के लिए पोर्टबिलिटी की सुविधा उपलब्ध की गई है। इसमें कितने लोग राशन ले रहे हैं इसकी सही जानकारी नहीं है। -अंजनी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी