Kanpur: ई-बस में सवारियां 40…टिकट बनाए सिर्फ 22, संविदा परिचालक पकड़ा गया, आरोपी पर पहले भी लगे हैं आरोप
Kanpur News: चेकिंग टीम ने बस परिचालक शिवम कुमार की मशीन लेकर जांच की, तो उसमें 18 टिकट कम कटी मिली। गिनती में 40 सवारियां थीं, लेकिन टिकट सिर्फ 22 की काटी गई थी। सवारियों से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि परिचालक ने किराया तो लिया लेकिन टिकट नहीं दी।
विस्तार
कानपुर में किराया वसूल कर टिकट न देने पर सिटी बस के संविदा परिचालक को पकड़ा गया है। बस में 40 सवारियां थीं जिनमें से 18 बेटिकट थे। आरोपी परिचालक की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही हे। सोमवार को बिंदकी से सवारियां भरकर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड की बस संख्या यूपी-78 एचएन 4336 कानपुर के लिए चली।
चकेरी के पास परिवहन विभाग के वरिष्ठ संचालन परिवेक्षक राजीव कुमार संचालन परिवेक्षक आसिफ हुसैन सिद्दकी ने टीम के साथ संजीव नगर के पास इस बस को रोका। टीम ने बस परिचालक शिवम कुमार की मशीन लेकर जांच की, तो उसमें 18 टिकट कम कटी मिली। गिनती में 40 सवारियां थीं, लेकिन टिकट सिर्फ 22 की काटी गई थी।
पैनाल्टी प्रति सवारी 65 रुपये के हिसाब से लगाई
सवारियों से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि परिचालक ने किराया तो लिया लेकिन टिकट नहीं दी। सवारियों को अहिरवां डिपो तक आना था। बिंदकी से यहां तक का किराया प्रति व्यक्ति 50 रुपये हैं। इस पर टीम ने मशीन जब्त कर अधिकारियों को सूचना दी। राजीव कुमार ने बताया कि बस चालक पर अहिरवां डिपो से बिंदकी तक की पैनाल्टी प्रति सवारी 65 रुपये के हिसाब से लगाई गई है।
पहले भी लग चुके आरोप
पकड़े गए सिटी बस के आरोपी संविदा परिचालक शिवम पर पहले भी आरोप लग चुके हैं। फतेहपुर डिपो के संविदा परिचालक मनोज सिंह ने हाल में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को शिकायती पत्र दिया था। आरोप लगाया था कि 18 मई को रामादेवी से शिवम व उसके सात साथी स्टॉफ बताकर बस में बैठ गए। बाद में जब मुरादीपुर स्टापेज के पहले बस को निरीक्षण दल ने पकड़ा और चेकिंग की तो शिवम व उसके साथी उल्टा मनोज पर पांच सौ रुपये लेकर टिकट न काटने का आरोप लगाने लगे।
सिटी बस में किराया लेकर टिकट न देने का मामला पकड़ा गया है। संविदा पर तैनात आरोपी बस परिचालक को नौकरी से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। -रजनीश राजपूत, मुख्य संचालन अधिकारी, केसीटीएसएल