कानपुर: निजी कंपनी के कर्मचारी ने फंदा लगाकर दी जान, डेढ़ साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
Kanpur News: लाल बंगला स्थित दुर्गा हाउसिंग सोसायटी निवासी निजी कंपनी कर्मचारी अनादि मिश्रा (36) ने शुक्रवार देर शाम कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अनादि की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार में पत्नी स्वाति और डेढ़ साल का बेटा है।
विस्तार
ऑफिस से लौटने के बाद कमरे में गए
पत्नी स्वाति के मुताबिक अनादि शुक्रवार को ऑफिस से लौटने के बाद सीधे अपने कमरे में चले गए थे। कुछ देर बाद जब वह कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। परिजन और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर अनादि का शव फंदे से लटका मिला। यह देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कुछ दिनों से परेशान थे अनादि
परिजनों के मुताबिक अनादि कुछ दिनों से किसी बात को लेकर परेशान थे। हालांकि, वह किस वजह से तनाव में थे, इसका पता नहीं चल सका है। परिवार भी आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सका। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिवार और परिचितों से जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
चकेरी थाना प्रभारी अजय मिश्रा के अनुसार कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।