कानपुर: तलाक-तलाक-तलाक, बच्चों के सामने तोड़ा 16 साल का रिश्ता, दो महीने भटकी पीड़िता, पति समेत पांच पर FIR
Kanpur News: चमनगंज थाना क्षेत्र में गैर-महिला से अवैध संबंधों का विरोध करने पर पति ने 16 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को बच्चों के सामने तीन तलाक बोलकर तोड़ दिया। 12 अगस्त की रात हुई इस घटना के बाद पीड़िता दो महीने तक न्याय के लिए भटकती रही।
विस्तार
कानपुर में बच्चों के सामने पति ने पत्नी को तीन बार तलाक कहकर 16 साल पुराने रिश्ते को पलभर में खत्म कर दिया। चमनगंज के प्रेमनगर में दूसरी महिला से संबंध का विरोध करने पर विवाहिता को कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया और 12 अगस्त की रात पति ने दोनों बेटों की मौजूदगी में तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। दो महीने तक पीड़िता कभी महिला थाना, तो कभी शरई अदालत के चक्कर काटती रही।
शरई अदालत से तलाक की पुष्टि होने के बाद चमनगंज थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। आफरीन(35) ने बताया कि 2010 में प्रेमनगर निवासी रेहान हुसैन से उनका निकाह हुआ था। आरोप है कि निकाह से पहले रेहान के एक महिला से संबंध थे, जो शादी के बाद भी रहा। विरोध पर पति रेहान, सास सुल्ताना बेगम, ननद सायमा व कहकशां और बहनोई नसीम ने रुपयों की मांग कर उन्हें प्रताड़ित किया।
रेहान पहले तीन तलाक देने से मुकर गया
पति पर मारपीट करने और दोनों बच्चों अरहम व आदियान के भरण-पोषण से हाथ खींचने का भी आरोप है। आफरीन ने बताया कि सात जुलाई 2026 को उन्होंने पति को महिला मित्र के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। 12 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे रेहान ने दोनों बेटों के सामने तीन तलाक बोलकर उन्हें घर से निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के भाई आरिज के अनुसार, शरई अदालत में रेहान पहले तीन तलाक देने से मुकर गया, लेकिन शहरकाजी के पूछने पर उसने इसे कबूल किया।
उपनिरीक्षक रोहित तोमर को सौंपी गई है जांच
दो दिन बाद उलेमाओं ने तलाक होने की बात कही। पीड़िता महिला थाना पहुंची, तो मध्यस्थता की सलाह दी गई। आखिरकार चमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई। थाना प्रभारी रिकेश सिंह ने बताया कि जब महिला थाने आई थीं, तब वह पति के साथ समझौते पर राजी हो गईं थीं। दोनों को समझौते के लिए भेजा गया, तो काफी हंगामा हुआ। तीन तलाक की प्राथमिकी दर्ज करने में काफी पूछताछ करनी पड़ती है, इसके चलते वक्त लगा है। बाकी बातें विवेचना में स्पष्ट हो जाएंगी। जांच उपनिरीक्षक रोहित तोमर को सौंपी गई है।